कानपुर 13 अप्रैल
कल देश के संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जन्म जयंती की पूर्व संध्या पर कंपनी बाग चौराहा, जहां बाबा साहब की भव्य प्रतिमा स्थित है, एक भव्य दीप उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर द्वारा किया गया, जिसकी अगुवाई भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, विधानसभा की विधायक नीलिमा कटियार, भाजपा जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, एवं पूर्व जिला अध्यक्ष दीपू पांडे ने की।
इस अवसर पर बाबा साहब की प्रतिमा के चारों ओर सैकड़ों दीप जलाए गए और चौराहे को दीपों की रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करना था, बल्कि समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के उनके मूल सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाना भी था। दीपों की लौ में बाबा साहब की विचारधारा और उनके संघर्षों की चमक दिखाई दी।
कार्यक्रम के उपरांत, वहां उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए भाजपा के जिलाअध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बाबा साहब के जीवन पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “बाबा साहब भीमराव अंबेडकर न केवल एक महान विधिवेता थे, बल्कि उन्होंने समाज के शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को न्याय दिलाने का कार्य किया। उन्होंने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान अधिकार दिलाए और एक समतामूलक समाज की नींव रखी। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान का प्रतीक है। आज हम सभी को उनके आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है, ताकि भारत को एक सशक्त, समरस और समावेशी राष्ट्र बनाया जा सके।”
उन्होंने यह भी कहा कि दीप उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बाबा साहब के विचारों के प्रति हमारी श्रद्धा और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भाजपा सदैव उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिए संकल्पबद्ध है।जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि जिला अध्यक्ष ने अनुसूचित वर्ग के 10 कार्यकर्ताओं को पटका पहना कर और मिष्ठान का डब्बा देकर सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठजन शामिल हुए और सभी ने एक स्वर में बाबा साहब अमर रहें के नारों के साथ उनके योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम का संचालन धीरज बाल्मिकी ने किया । कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उमेश निगम,बृजनंदन दुबे,अभिनव दीक्षित अनुराग शर्मा, संतोष शुक्ला अवधेश सोनकर,राजू शर्मा,वीरेश त्रिपाठी,,आनंद मिश्रा,जनमेजय सिंह,रंजीता पाठक,लवली सक्सेना,सीमा एम बी ए,अश्वनी गौतम,शिवांग मिश्रा,अंशु ठाकुर,आकाश शुक्ला,प्रमोद विश्वकर्मा, विनय पटेल,रंजीत भदौरिया,जगदीश तिवारी, शीलू पांडे विनोद सोनकर,अभिमन्यु सक्सेना, वास्ते त्रिपाठी,वीरेंद्र सिंह लाला गौरव द्विवेदी,..जनक सिंह ,द्वारिका सिंह, पूनम सिंह,रानी शुक्ला,शुभ्रा अवस्थी, मानसी बनर्जी, पवन सक्सेना योगेन्द्र शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।