कानपुर में 48 घंटे के अंदर अलग-अलग जगहों पर 24 शव मिले हैं। तीन दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी में लू लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि सभी का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। अभी मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं है। अभी तक 24 शवों में पुलिस तीन मृतकों की शिनाख्त ही कर सकी है। बुधवार को झकरकटी बस अड्‌डे में रोडवेज बस में बैठे-बैठे कानपुर देहात भोगनीपुर में तैनात दरोगा राजुल प्रसाद शुक्ला (56) की मौत हो गई थी।

मौसम विभाग का कहना है कि आज से अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। बादलों की आवाजाही से सूरज की पतिश में राहत रहेगी। हालांकि आज 40 जिलों में वार्म नाइट अलर्ट है। रात में भी दिन जैसी गर्मी का एहसास होगा। कन्नौज गुरुवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 48.1 डिग्री दर्ज किया गया।

लू के कारण देश में दो सौ से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार में प्रचंड गर्मी भीषण लू आपदा बनकर टूटी है। यहां 12 जिलों में 65 लोगों की मौत हुई है, जबकि‍ प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में ढाई सौ से अधिक लोग भर्ती हैं। भोजपुर रोहतास और औरंगाबाद में स्थिति और भी खराब है। पटना समेत पूरा बिहार गर्मी की मार से झुलस रहा है।आज उमस भरी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिलने वाली है। हीट इंडेक्स 58 तक पहुंच गया। इसका असर शरीर पर बेहद विपरीत पड़ता है। शरीर को ढक कर ही बाहर निकलें। डॉक्टरों की सलाह है कि बच्चे और बुजुर्ग सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।

CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉक्टर सुनील पांडेय के मुताबिक, यूपी में 2 तरह की विपरीत हवाएं आपस में टकरा रही हैं। एक बंगाल की खाड़ी से मॉश्चर फीड लेकर आने वाली नम हवाएं हैं। दूसरी गर्म हवाएं थार मरुस्थल और राजस्थान की ओर से आ रही हैं। बुंदेलखंड से सटे जिलों में ये हवाएं आ रही हैं। इसकी वजह से तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *