भाजपा नेता से 50 लाख की ठगी का आरोपित पेशबंदी में जुटा

कानपुर: भाजपा नेता से 50 लाख की ठगी का आरोपित पेशबंदी में जुटा, मेरठ की पूजा बंसल ने किया था मुकदमा

कानपुर में मेरठ निवासी भाजपा नेता पूजा बंसल से 50 लाख की ठगी करने का आरोपित सचेंडी इटारा गांव निवासी विष्णु बाबू दिवाकर पेशबंदी करने में जुटा है। उसने अपनी रिश्तेदार की ओर से अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिलवाकर पूजा व उनके साथियों पर ही आरोप लगाए हैं। पिछले दिनों मेरठ निवासी एक अन्य महिला को शिकायत करने पर धमकी दी है।

पूजा बंसल ने पिछले माह सचेंडी थाने में आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि विष्णु बाबू खुद को आरएसएस का राष्ट्रीय स्तर का पदाधिकारी बताकर मिला था और उसने पार्टी में उच्च पद दिलाने व पति को ठेके दिलाने का झांसा देकर 50 लाख रुपये हड़प लिए थे। इसके बाद मेरठ, गोरखपुर आदि स्थानों से पार्टी की कई और कार्यकर्ताओं ने भी शहर आकर एडीजी जोन को आरोपित के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिए थे। उन्होंने भी आरोपित पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाया था। पुलिस अब तक आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस बीच आरोपित ने प्रार्थना पत्र देने वालों के खिलाफ ही पेशबंदी शुरू कर दी है। कुछ दिन पूर्व आरोपित की रिश्तेदार ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर पूजा व उसके साथियों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करने की मांग की। हालांकि पुलिस की जांच में आरोप गलत निकले। उधर, मेरठ निवासी सचिन बंसल ने बताया कि आरोपित ने मेरठ की एक और शिकायतकर्ता संगीता सिंह को धमकी दी है। संगीता ने सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाकर उसके खिलाफ एडीजी से शिकायत की थी। अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। सीओ सदर सुशील ङ्क्षसह ने बताया कि जांच जारी है। पुख्ता सुबूत जुटाने के बाद आरोपित के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *