फर्रुखाबाद जेल उपद्रव मामले में हटाए गए वरिष्ठ अधीक्षक, केंद्रीय कारागार का मिला चार्ज़्

फर्रुखाबाद जिला जेल में सजायाफ्ता कैदी की मौत और हुए उपद्रव के बाद वरिष्ठ अधीक्षक डा. रामधनी शुक्रवार को हटा दिए गए। उन्हें इटावा सेंट्रल जेल भेजा गया है। इसी तरह बांदा मंडल कारागार के जेल अधीक्षक अरुण कुमार सिंह का तबादला संपूर्णानंद कारागार प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ किया गया है। उनकी जगह बरेली से विजय विक्रम सिंह भेजे गए हैं। बांदा में पूर्वांचल का माफिया मुख्तार अंसारी भी बंद है।

फर्रुखाबाद जेल उपद्रव प्रकरण में मजिस्ट्रियल, न्यायिक और विभागीय एसआइटी जांच कर रही है। इस बीच वरिष्ठ जेल अधीक्षक रामधनी को हटाकर उनकी जगह मऊ से भीमसेन मुकुंद को यहां भेजा गया है। डा. रामधनी 26 जून 2021 को ही गोरखपुर जिला जेल से फतेहगढ़ जिला जेल आए थे। बीती 14 अगस्त को ही तत्कालीन जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने उन्हें प्रोन्नति के क्रम में शासन से आए स्टार को उनकी वर्दी पर टांका था। हालांकि, उनके लिए संतोष की बात यह है कि पद के अनुरूप अब केंद्रीय कारागार का चार्ज मिल गया है।

यह था मामला:

बुखार से पीड़ित सजायाफ्ता कैदी संदीप सिंह यादव की इटावा के उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसकी पत्नी के पिता अरिवंद कुमार सिंह ने मेरापुर थाने में दामाद संदीप के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें वह उम्रकैद की सजा काट रहा था। उसकी मौत के बाद रविवार सुबह जेल में उपद्रव में चोरी के मामले में पांच साल से बंद विचाराधीन बंदी राजेपुर थानाक्षेत्र के गांव जैनापुर के शिवम राठौर की भी गोली लगने से मौत हो गई थी। जेल सूत्रों के मुताबिक, बंदियों के पथराव, आगजनी व तोड़फोड़ करने पर सुरक्षा कर्मियों के पसीने छूट गए थे। बवाल की जानकारी पर पहले फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी जेल पहुंचे। इसके बाद सीओ सिटी पुलिस बल लेकर आए। बाद में और थानों का फोर्स पहुंचा। बल प्रयोग कर उपद्रवियों को काबू करने की कोशिश की गई थी, तभी गोलियां चली थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *