कानपुर देहात के सभी गांवों में होलिका दहन के समय पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। होली में शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस बार होली व शब-ए-बरात एक ही समय में होने पर अधिक सतर्कता बरती जा रही है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के 79 गांव व झींझक कस्बा में 263 स्थानों पर होलिका दहन होता है। होली के त्योहार में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी होलिका दहन स्थलों पर होलिका दहन के समय पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शांति व्यवस्था भंग करने वालों या अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। अभी से पुलिसकर्मियों को गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारी मंगलपुर अजय पाल सिंह ने बताया कि सभी होलिका दहन स्थलों पर ड्यूटी लगा दी गई है। सभी पुलिस कर्मियों को होलिका दहन स्थलों पर चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए है। हम सकुशल त्योहार संपन्न कराएंगे सभी से अपील है कि मिलजुल कर पर्व मनाएं और कहीं से भी कोई हुड़दंग या हंगामा न करें। कोई ऐसा करने की कोशिश करे तो पुलिस को तुरंत जानकारी दें।