Fri, 12 Nov 2021
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में शुक्रवार को एक विवाहित युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसने दूसरे समुदाय के युवक से शादी की थी। उसकी मौत के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे बवाल हो गया। पथराव भी हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
बवाल की सूचना पर कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। किसी तरह पुलिस ने स्थिति को संभाला। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। वहीं घटना के बाद लोगों में आक्रोश है।
जमकर हुआ पथराव, कई घायल
जानकारी के मुताबिक वर्ष रघुवंशी नाम की युवती ने एक साल पहले दूसरे समुदाय के युवक से शादी की थी। शुक्रवार की उसकी मौत की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी होने पर मृतका के परिजन, भाजयुमो व एक संगठन के लोग भी पहुंच गए। मौके पर भीड़ जुट गई। हंगामा होने लगा।
दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पथराव शुरू हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के वक्त मौजूद पुलिसकर्मियों को भी पीछे हटना पड़ा। बवाल की सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। तब तक आरोपी फरार हो गए। घटना में भाजयुमो के कार्यकर्ता घायल हुए हैं।